जनता के जीवन में सुगमता के लिए समर्पित हों कर्मचारी : मोदी

नयी दिल्ली, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश के 50 हजार से अधिक युवाओं को सरकार के विभिन्न विभागों में नियुक्ति के पत्र वितरित किये और उनका आह्वान किया कि वे देश की जनता जनार्दन के जीवन में सुगमता लाने के लिए सत्य निष्ठा से खुद को खपाने के लिए तैयार रहें।
श्री माेदी ने यहां एक कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से नवनियुक्त कर्मियों को 51,000 से अधिक नियुक्ति पत्र वितरित करने के बाद उन्हें संबोधित करते हुए यह कहा। यह रोजगार मेला देश भर के 37 स्थानों पर आयोजित किया गया। इस पहल में केन्द्र सरकार के विभागों के साथ-साथ राज्य सरकारों/केन्द्र- शासित प्रदेशों में भर्ती कर्मचारी भी शामिल थे। देश भर से चुने गए नए कर्मचारी सरकार के राजस्व विभाग, गृह मंत्रालय, उच्च शिक्षा विभाग, स्कूल शिक्षा और साक्षरता विभाग, वित्तीय सेवाएं विभाग, रक्षा मंत्रालय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय तथा श्रम और रोजगार मंत्रालय सहित विभिन्न मंत्रालयों/विभागों में योगदान करेंगे।
प्रधानमंत्री ने इस मौके पर अपने संबोधन में नवनियुक्त कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि देश में लाखों युवाओं को भारत सरकार द्वारा नौकरी देने का अभियान लगातार जारी है। आज 50 हजार से ज्यादा युवाओं को सरकारी नौकरी के लिए नियुक्ति पत्र दिए गए हैं। ये नियुक्ति पत्र उनके परिश्रम और प्रतिभा का नतीजा है।



