तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, हादसे में मां-बेटी की मौत

इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में बुधवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, यहां राऊ थाना क्षेत्र में एक तेज रफ़्तार ट्रक ने बाईक को जोरदार टक्कर मार दी। भीषण हादसे में मां-बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पिता गंभीर रूप से घायल है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि परिवार घर से ओंकारेश्वर दर्शन के लिए निकले थे। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मिली जानकारी के अनुसार हादसा इंदौर के राऊ-तेजाजी नगर में हुआ। तेज रफ्तार ट्रक ने ओवरटेक करते हुए बाइक को पीछे से टक्कर मर दी। इससे बाइक सवार पति-पत्नी और उनकी बेटी उछलकर सड़क पर जा गिरी, और ट्रक ने उन्हें बुरी तरह रौंद दिया। घटना में मां-बेटी ने मौके पर दम तोड़ दिया।
मृतक महिला का नाम छाया और बेटी का नाम दिव्यांशी बताया जा रहा है। मां-बेटी के शव को पोस्टमार्टम के लिए एमवाय अस्पताल भेजा गया है। जबकि महिला के पति का आईसीयू में इलाज चल रहा है।

