आवारा कुत्तों ने एक बच्चे पर किया हमला, नोच डाले पूरे शरीर, मोहल्ले के लोगों ने बचाई जान

पांच कुत्तों ने सात साल के बच्चे पर एक साथ हमला कर दिया. घटना तब घटी, जब बच्चा गली की दुकान से चॉकलेट लेकर घर लौच रहा था. कुत्ते बच्चे को घेरकर नोंचने लगे. कुछ ही सेकेंड में कुत्तों ने बच्चे को कई जगह काट दिया. मोहल्ले के लोगों ने आकर बच्चे को बचाया. कुत्तों के हमले से बच्चा बुरी तरह से जख्मी हो गया है. जिला अस्पताल में उसका इलाज हुआ.
यह घटना कोतवाली क्षेत्र के झारखड़िया मोहल्ले की है. घटना के बाद मोहल्ले के लोग डरे हुए हैं. बच्चों ने गली में खेलना बंद कर दिया है. दरअसल, महानगर के वार्ड-56 निवासी सूरज गुप्ता का सात साल का बेटा विराट रविवार शाम घर के पास की दुकान से चॉकलेट लाने गया था. शाम करीब 7 बजे वह अकेला पैदल लौट रहा था.
जैसे ही वह अपने घर के पास पहुंचा, वैसे ही पीछे से कुत्तों के झुंड ने बच्चे पर हमला कर दिया. पांच कुत्तों के झुंड ने उसे दौड़ाया और घेरकर नोंचने लगे. बच्चे की चीख सुनकर आसपास के लोग पहुंच गए. सबसे पहले पास की एक महिला चिल्लाते हुए डंडा लेकर घर के बाहर निकली. इस बीच अन्य लोग भी आ गए. उन लोगों ने कुत्तों को भगाया.