छत्तीसगढ़

“स्कूल खुलने का बेसब्री से करते थे इंतज़ार: विधायक पुरंदर मिश्रा ने सुनाई बचपन की यादें

शिक्षा आपका अधिकार है - विधायक मिश्रा

रायपुर। स्वामी आत्मानंद बीपी विप्र अंग्रेजी माध्यम स्कूल, रायपुर में आज शैक्षणिक वर्ष 2025-26 की शुरुआत को लेकर विशेष स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री पुरंदर मिश्रा बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित हुए। उन्होंने माँ सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकों का वितरण किया।

विधायक श्री मिश्रा ने अपने प्रेरणास्पद संबोधन में विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि नई कक्षा, नई किताबें और नए लक्ष्य आपके जीवन में तरक्की की नई राह खोलेंगे। पूरे मन से पढ़ाई करें, जिज्ञासा रखें और अपने हर सपने को पूरा करने की दिशा में कदम बढ़ाएं। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि प्रदेश सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि हर विद्यालय में आवश्यक शिक्षक मौजूद हों और सभी विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का माहौल मिले। शिक्षा आपका अधिकार है और इसे श्रेष्ठ बनाने की जिम्मेदारी हमारी है।

श्री मिश्रा ने बच्चों से संवाद करते हुए उनके भविष्य के सपनों के बारे में पूछा। इस दौरान उन्होंने अपने स्कूली जीवन की स्मृतियाँ साझा करते हुए कहा कि बचपन में जब गर्मियों की छुट्टियाँ समाप्त होती थीं, तो मैं बेसब्री से इंतजार करता था कि कब स्कूल खुले और हम नए यूनिफॉर्म में स्कूल जाकर अपने नए सफर की शुरुआत करें। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों को मिठाई वितरण कर उन्हें नए सत्र के लिए शुभकामनाएँ दी गईं। इस आयोजन में प्रधानाध्यापिका श्रीमती अंजू सूद, पार्षद श्री आकाश शर्मा, छायापार्षद श्री ज्ञानचंद चौधरी सहित विद्यालय के शिक्षकगण, अभिभावक एवं क्षेत्रवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button