
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरेश मंडावी ने बताया कि चयनित 254 विद्यालयों में से 139 स्कूलों के लिए प्रशासनिक स्वीकृति जारी की जा चुकी है, जबकि शेष प्रस्तावों की स्वीकृति प्रक्रिया भी जल्द पूरी कर ली जाएगी। संबंधित ग्राम पंचायतों को स्वीकृत कार्यों को शीघ्र प्रारंभ कर समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन के अनुसार यह पहल केवल आधारभूत सुविधाओं का विस्तार नहीं, बल्कि बालिकाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, सुरक्षा और गरिमापूर्ण शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है । स्कूलों में पृथक एवं सुरक्षित शौचालय उपलब्ध होने से बालिकाओं की नियमित उपस्थिति बढ़ेगी, स्कूल छोडऩे की प्रवृत्ति में कमी आएगी तथा किशोरियों को स्वच्छता संबंधी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेगी। उन्होंने बताया कि अंतागढ़ विकासखण्ड में चयनित 40 स्कूलों में से 13 स्वीकृत, भानुप्रतापपुर में 40 में से 23 स्वीकृत, चारामा में 36 में से 18 स्वीकृत, दुर्गूकोंदल में 25 में 22, कांकेर में 25 में 08, कोयलीबेड़ा में 50 में 26 तथा नरहरपुर विकासखण्ड में 38 में से 29 स्कूलों में शौचालय निर्माण कार्य की स्वीकृति मिल चुकी है। इस प्रकार कुल 254 चयनित शालाओं में से 139 की स्वीकृति मिल चुकी है, जबकि शेष की स्वीकृति शीघ्रता से प्रदान की जाएगी।




