देश में वैज्ञानिक जागरूकता की आवश्यकता: डॉ. दिनेश मिश्र

रायपुर । राष्ट्रीय वैज्ञानिक चेतना दिवस पर तेलीबांधा तालाब मेरिन डाईव में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में तथाकथित चमत्कारों का वैज्ञानिक प्रदर्शन किया गया, और नागरिकों एवं विद्यार्थियों को अंधविश्वास निर्मूलन से संबंधित किताबें व पंपलेट वितरित किए गए।
इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य समाज में व्याप्त अंधविश्वासों और कुरीतियों को दूर करना था। अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति, छत्तीसगढ़ विज्ञान सभा, तर्कशील परिषद सहित अन्य सहयोगी संगठनों ने इस कार्यक्रम का आयोजन किया।
इस मौके पर अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति के अध्यक्ष, डॉ. दिनेश मिश्र ने कहा, “देश में अंधविश्वासों और सामाजिक कुरीतियों के कारण प्रतिवर्ष हजारों लोग प्रताड़ना का शिकार होते हैं। वर्तमान समय में वैज्ञानिक जागरूकता की अत्यंत आवश्यकता है। इसके लिए लगातार अभियान चलाने की जरूरत है, जिससे लोगों के मन में बसे अंधविश्वास और कुरीतियों को दूर किया जा सके।”
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ विज्ञान सभा के अध्यक्ष विश्वास मेश्राम ने आयोजन के बारे में जानकारी दी। तर्कशील परिषद के डॉ. आरके सुखदेवे ने तथाकथित चमत्कारों का वैज्ञानिक प्रदर्शन किया और उनकी सत्यता को स्पष्ट किया। संजीव खुद शाह ने वास्तुशास्त्र से जुड़े अंधविश्वासों पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर अंजू मेश्राम, निसार अली सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम में आईएमए अध्यक्ष डॉ. राकेश गुप्ता, उमाशंकर ओझा, अधीर, जयश्री भगवानानी समेत कई नागरिक और स्कूली छात्र उपस्थित थे। अंत में, नागरिकों और छात्रों को अंधश्रद्धा निर्मूलन से संबंधित किताबें और पंपलेट वितरित किए गए और उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया गया।




