शाहरुख खान की जवान से दूसरे दिन हारी थलापति विजय की लियो, फीका रहा वर्ल्डवाइड कलेक्शन

मास्टर, कैथी और विक्रम जैसी फिल्में बना चुके निर्देशक लोकेश कनकराज इन दिनों फिल्म लियो को लेकर चर्चा में हैं। थलापति विजय स्टारर लियो ने बॉक्स ऑफिस पर धमाका किया है और पहले दिन ताबड़तोड़ कमाई की। वहीं दूसरे दिन फिल्म का घरेलू कलेक्शन कम हुआ लेकिन उसके बाद भी फिल्म 100 करोड़ क्लब में शामिल हो गई। इस बीच दूसरे दिन के वर्ल्डवाइड कलेक्शन में लियो को शाहरुख खान की जवान से भी मात मिली है। देखें रिपोर्ट और आंकड़े…
कितना हुआ लियो का दो दिन में वर्ल्डवाइड कलेक्शन
थलापति विजय की फिल्म ने पहले दिन जहां घरेलू बॉक्स ऑफिस पर धमाका किया है तो वहीं वर्ल्डवाइड भी इसका जलवा देखने को मिला है। फिल्म का घरेलू कलेक्शन दूसरे दिन गिर गया है, वहीं वर्ल्डवाइड में भी गिरावट है। फिल्म ने पहले दिन 148 करोड़ रुपये वर्ल्डवाइड कमाई की तो वहीं ट्रेड एनालिस्ट गिरीश जौहर के ट्वीट के मुताबिक दूसरे दिन ग्लोबल कलेक्शन 91.25 करोड़ रुपये रहा। ऐसे में फिल्म की कुल कमाई करीब 239.25 करोड़ रुपये हो गई है।
जवान ने दी लियो को मात
बात इंडियन सिनेमा की सबसे अधिक कमाई वाली फिल्म जवान की करें तो शाहरुख खान की इस फिल्म ने पहले दिन वर्ल्डवाइड 129.6 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। वहीं दूसरे दिन ये कलेक्शन 240.47 करोड़ रुपये रहा। पहले दिन जहां वर्ल्डवाइड कमाई में लियो आगे निकल गई थी तो वहीं दूसरे दिन अर्ली रिपोर्ट्स के मुताबिक लियो, जवान से पीछे रह गई है।



