
राजनांदगांव। शहर के ग्रामीण वार्ड सिंगदई में गुरुवार सुबह एक किसान के खेत में बिखरी हालत में मवेशियों का शव मिला। खेत में बिजली के टूटे तार में दौड़ती करंट से मवेशियों की मौत होने की पुष्टि हुई है।
बुधवार दोपहर बाद अचानक मौसम में आए बदलाव से तेज गति से हवाएं चली। माना जा रहा है कि आंधी-तूफान की वजह से बिजली के खंभों की तार टूटकर खेत में गिर गई। इस दौरान खेत में घास चर रहे मवेशियों की करंट के चपेटे में आने से मौत हो गई। इधर गुरुवार सुबह घटना की जांच और पंचनामा के लिए पुलिस और पशु विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। पोस्टमार्टम कर आगे की कार्रवाई करते घटना की विवेचना की जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार सिंगदई में एक खेत में आज सुबह ग्रामीणों ने मवेशियों की बिखरी हालत में लाशें देखकर कोटवार के जरिये पुलिस को सूचना दी। बताया जाता है कि खेत में करीब 15 मवेशी का शव ग्रामीणों को मिला। बीती शाम को अचानक मौसम के करवट बदलने से तेज गति में हवाएं चली। माना जा रहा है कि आंधी-तूफान की मार से खेतों से गुजरी बिजली तारे टूट गई। खंभों से टूटकर अलग हुए तारों में बिजली दौड़ती रही। इस बीच खेत में पहुंचे मवेशी करंट की जद में आ गए। करंट की चपेट में आने से 15 मवेशियों की जान चली गई। इधर ग्रामीणों में मवेशियों की मौत को लेकर गुस्सा उबाल मार रहा है। ग्रामीण इस घटना के लिए बिजली अफसरों पर कार्रवाई करने की मांग कर रहे हैं। वही मवेशी मालिकों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।




