featureछत्तीसगढ़

बालिका हेमबती नाग ने राष्ट्रीय जूडो प्रतियोगिता में जीता कांस्य पदक

कोंडागांव, प्रशासन महिला एवं बाल विकास विभाग, की सहायता एवं छत्तीसगढ़ राज्य बाल कल्याण परिषद द्वारा संचालित बालिका गृह, कोंडागांव की प्रतिभावान बालिका हेमबती नाग ने चंडीगढ़ में आयोजित ओपन नेशनल जूडो प्रतियोगिता के 40 किलोग्राम भार वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक (Bronze Medal) अर्जित कर न केवल आकांक्षी जिला कोंडागांव बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ राज्य का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है।

बालिका हेमबती नाग जिला
हेमबती नाग ने प्रतियोगिता के दौरान अपने शानदार कौशल, अनुशासन एवं दृढ़ आत्मविश्वास का परिचय देते हुए देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभागियों के बीच उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। उनकी इस उपलब्धि ने यह सिद्ध कर दिया है कि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों की बेटियाँ भी अवसर और मार्गदर्शन मिलने पर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा सकती हैं।
हेमबती की इस सफलता से बालिका गृह की अन्य बालिकाओं में भी खेलों के प्रति उत्साह एवं प्रेरणा का संचार हुआ है। यह उपलब्धि बालिका गृह के समर्पित प्रयासों, प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन तथा बालिका की कड़ी मेहनत और लगन का परिणाम है।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर जिला प्रशासन, छत्तीसगढ़ राज्य बाल कल्याण परिषद, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा आकांक्षी जिला कोंडागांव के नागरिकों ने हेमबती नाग को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

हेमबती नाग की यह सफलता आकांक्षी जिला कोंडागांव की बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है तथा खेलों के क्षेत्र में आकांक्षी जिला कोंडागांव की बढ़ती पहचान को दर्शाती है।

Related Articles

Back to top button