featureराष्ट्रीय

‘50 करोड़ में सांसदों की डील!’ संजय राउत के सनसनीखेज आरोप से महाराष्ट्र की राजनीति में भूचाल

अटकलें हैं कि इस हफ्ते दिल्ली में उद्धव ठाकरे की पार्टी में बड़ा विभाजन हो सकता है। हालांकि, इसे लेकर आधिकारिक रूप से कुछ नहीं कहा गया है, लेकिन खबरें हैं कि 6 सांसद राजधानी पहुंचे हैं और पाला बदल सकते हैं।

Operation Tiger की चर्चाएं सियासी गलियारों में जारी हैं। कहा जा रहा है कि आने वाले कुछ दिनों में उद्धव ठाकरे की पार्टी शिवसेना (UBT) के 6 सांसद टूटने की तैयारी कर रहे हैं। जबकि, शिंदे गुट के नेताओं का दावा था कि 7 नेताओं से हमारी बातचीत हो रही है। अब राज्यसभा सांसद संजय राउत ने दावा किया है कि दल बदल ने वाले MPs को 15 करोड़ रुपये एड्वांस देने की पेशकश हुई है। हालांकि, इसे लेकर जानकारी स्पष्ट नहीं हो सकी है।

दिल्ली में बढ़ी हलचल

मीडिया रिपोर्ट्स में सूत्रों के हवाले से बताया जा रहा है कि 9 में से 6 सांसद दिल्ली पहुंच गए हैं। ये सांसद जल्द ही लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से मुलाकात कर सकते हैं और समर्थन पत्र सौंप सकते हैं। अटकलें ये भी हैं कि महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी दिल्ली पहुंच रहे हैं। इसके साथ ही डैमेज कंट्रोल और कानूनी सलाह के लिए ठाकरे गुट के कुछ नेता भी राजधानी के लिए रवाना हुए हैं।

राउत ने लिखा, ‘अपना सपना मनी मनी। यह बहुत ही हैरान करने वाली बात है कि कथित तौर पर महाराष्ट्र के सांसदों को पाला बदलने के लिए आज रात 15 करोड़ रुपये एडवांस की पेशकश की गई है।’ बाद में उन्होंने कहा है कि डील 50 करोड़ रुपये में हुई है।

सांसद ने लिखा, ‘अपना सपना मनी मनी! अरे नहीं महुआ जी, सांसदों का मिनिमम सपोर्ट प्राइस (MSP) तो 50 करोड़ (पचास खोके) तय हुआ है। 15 करोड़ तो सिर्फ एडवांस है। सच कहूं तो ये लोग 50,000 रुपये के भी लायक नहीं हैं। इनकी कीमत तो सिर्फ शिवसेना और टीएमसी के ब्रांड लेबल की वजह से इतनी बढ़ गई है।’

कौन हैं 6 सांसद

एबीपी न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, शिंदे सेना में जाने की तैयारी कर रहे 6 सांसदों में नागेश पाटिल आष्टिकर, संजय जाधव, संजय देशमुख, भाऊसाहेब वाकचुरे और ओमराज निम्बालकर का नाम बताया जा रहा है। हालांकि, अब त साफ नहीं हो सका है कि 6वें सांसद कौन हैं। खास बात है कि इन 6 में 5 सांसद उद्धव ठाकरे की रविवार को हुई बैठक से गायब रहे थे।

मंगलवार को ही खबरें सामने आईं थीं कि संजय देशमुख ने दिल्ली में केंद्रीय मंत्री प्रताव जाधव से मुलाकात की थी। खास बात है कि दोनों ही नेता विदर्भ से आते हैं। हालांकि, तब जाधव ने कहा था कि देशमुख दिल्ली पहुंचे थे और इत्तेफाक से उनके भी दिल्ली में होने के चलते मुलाकात हुई थी।

शिवसेना के विधान परिषद सदस्य कृपाल तुमाने ने दावा किया कि शिवसेना (UBT) के सात सांसदों के साथ बातचीत अंतिम चरण में है और वे संसद के मानसून सत्र से पहले शिंदे गुट में शामिल हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया पर पिछले एक महीने से काम चल रहा है। हालांकि, शिवसेना (यूबीटी) के सांसद अनिल देसाई ने इन अटकलों को निराधार बताते हुए कहा कि सभी सांसद उद्धव ठाकरे के नेतृत्व में विश्वास रखते हैं और किसी पर कोई दबाव नहीं है।

6वां सांसद कौन

चैनल के अनुसार, खबरें हैं कि संजय दीना पाटिल भी दिल्ली रवाना हुए हैं। ऐसे में अटकलें हैं कि 6वें सांसद पाटिल हो सकते हैं। हालांकि, नाम अभी तक स्पष्ट नहीं हो सके हैं। कहा जा रहा है कि पूरी सूची समर्थन पत्र सामने आने के बाद ही साफ हो सकेगी।

ये हैं ठाकरे गुट के 9 सांसद

ठाकरे गुट के लोकसभा में 9 सांसद हैं। इनमें भाऊसाहेब वाकचुरे, राजाभाऊ वाजे, संजय देशमुख, नागेश पाटिल आष्टिकर, ओमराज निम्बालकर, संजय दीना पाटिल, अरविंद सावंत, अनिल देसाई और संजय जाधव का नाम शामिल है। रविवार को हुए बैठक के बाद पार्टी का दावा था कि 4 सांसद व्यक्तिगत रूप से मीटिंग में पहुंचे थे। जबकि, अन्य नेता ऑनलाइन जुड़े थे।

Related Articles

Back to top button