featureराष्ट्रीय

जन्मदिन पर शिक्षा मंत्री को मिला अनोखा ‘गिफ्ट’, जंतर-मंतर से उठी फिर इस्तीफे की मांग

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का आज जन्मदिन है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत भारतीय जनता पार्टी के कई बड़े नेताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। वहीं, जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे कॉकरोच जनता पार्टी से जुड़े आंदोलनकारियों ने भी धर्मेंद्र प्रधान को जन्मदिन की बधाई दी। CJP के फाउंडर अभिजीत दीपके  का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह एक बड़े बोर्ड पर शिक्षा मंत्री के लिए शुभकामना संदेश लिखते नजर आ रहे हैं। हालांकि, इस शुभकामना संदेश के साथ प्रदर्शनकारियों ने अपनी पुरानी मांग भी दोहराई। वीडियो में अभिजीत दीपके ने धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफा देने की मांग फिर से रखी।

 हैपी बर्थडे धर्मेंद्र प्रधान, प्लीज रिजाइन!

अभिजीत दीपके ने अपने एक्स हैंडल से वीडियो शेयर किया है। इसके कैप्शन में लिखा “हैपी बर्थडे धर्मेंद्र प्रधान, प्लीज रिजाइन!” वीडियो में कुछ लोग दीपके के आसपास खड़े नजर आ रहे हैं। दीपके एक सफेद बोर्ड पर धर्मेंद्र प्रधान के लिए जन्मदिन की शुभकामनाएं लिखते हैं। इसके बाद वह वीडियो में कहते हैं कि जन्मदिन के मौके पर वह शिक्षा मंत्री से इस्तीफा देने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि “गिफ्ट के तौर पर हम आपको रेजिगनेशन लेटर भेजते हैं, आप बस अंगूठा लगा दीजिए।”

PM मोदी ने भी दी शुभकामनाएं

प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर धर्मेंद्र प्रधान के बेहतर स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना की। पीएम मोदी ने अपने संदेश में लिखा कि केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) को लागू करने की दिशा में अच्छा काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस नीति का उद्देश्य भारत को ज्ञान, सीखने और नवाचार का केंद्र बनाना है। प्रधानमंत्री ने अपने पोस्ट में धर्मेंद्र प्रधान के प्रयासों की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ और दीर्घ जीवन की प्रार्थना की।

कॉकरोच जनता पार्टी का प्रदर्शन छठे दिन भी जारी

परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों और नीट पेपर लीक विवाद को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे अभिजीत दीपके का जंतर-मंतर पर धरना शुक्रवार को छठे दिन भी जारी रहा। प्रदर्शन का नेतृत्व अभिजीत दीपके कर रहे हैं। उनके संगठन सीजेपी (कॉकरोच जनता पार्टी) से जुड़े प्रदर्शनकारी शिक्षा व्यवस्था और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ विरोध जता रहे हैं। इसी बीच धर्मेंद्र प्रधान के जन्मदिन पर अभिजीत दीपके ने एक वीडियो जारी कर उन्हें शुभकामनाएं दीं, लेकिन साथ ही अपनी पुरानी मांग दोहराते हुए इस्तीफा देने की अपील भी की। बता दें कि इससे पहले प्रदर्शनकारियों को लेकर धर्मेंद्र प्रधान ने प्रतिक्रिया देते हुए उन्हें “आतंकवादियों की बी-टीम” बताया था। इस बयान के बाद भी प्रदर्शनकारियों का विरोध जारी रहा।

सीजेपी फाउंडर अभिजीत दीपके ने हाल ही में इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय की एक समिति के सामने पेश होकर अपने संगठन के सोशल मीडिया अकाउंट से जुड़े मामले को उठाया। दीपके के अनुसार, सीजेपी के एक्स अकाउंट को रोके जाने के मामले में उन्हें अब तक यह जानकारी नहीं दी गई है कि अकाउंट को किस कारण से निलंबित किया गया। उन्होंने समिति के सामने इस संबंध में जवाब मांगा। दीपके ने समिति के समक्ष नीट पेपर लीक मामले का भी जिक्र किया। उन्होंने सवाल उठाया कि जब कुछ मामलों में गोपनीयता बरती जा सकती है, तो नीट प्रश्नपत्र की सुरक्षा और गोपनीयता क्यों सुनिश्चित नहीं की गई। उन्होंने कहा कि यदि सब कुछ गोपनीय रखा जाता है तो परीक्षा प्रश्नपत्र भी गोपनीय रहना चाहिए था और इसके लीक होने पर सवाल उठना स्वाभाविक है। उन्होंने नीट विवाद को लेकर अपनी चिंता जाहिर करते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं का असर छात्रों पर पड़ता है।

सोनम वांगचुक 28 जून से करेंगे भूख हड़ताल

सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने गुरुवार को कहा कि यदि सरकार उनकी मांगों पर कोई जवाब नहीं देती है तो वह 28 जून से जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करेंगे। वांगचुक ने नीट प्रश्नपत्र लीक के आरोपों से जुड़े मुद्दों पर सरकार से जवाब और कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि मांगों पर संतोषजनक जवाब नहीं मिलने की स्थिति में वह आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे।

वहीं, नीट विवाद को लेकर जंतर-मंतर पर अभिजीत दीपके के नेतृत्व में सीजेपी (कॉकरोच जनता पार्टी) से जुड़े लोगों का प्रदर्शन भी जारी है। यह समूह सोशल मीडिया पर शुरू हुआ था और अब दिल्ली के जंतर-मंतर पर अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहा है। सीजेपी का गठन देश के मुख्य न्यायाधीश की एक टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया पर चर्चा के बीच हुआ था। संगठन से जुड़े लोग अब शिक्षा व्यवस्था और परीक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button