featureछत्तीसगढ़

नकली मंगलसूत्र से ठगी का मामला, पुलिस ने दो शातिरों को किया गिरफ्तार

बलौदाबाजार। नकली मंगलसूत्र को असली सोना बताकर ज्वेलरी व्यवसायी से 40 हजार रुपये की ठगी करने वाले दो शातिर आरोपियों को जांजगीर-चांपा पुलिस ने घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी की पूरी रकम और वारदात में इस्तेमाल की गई बलेनो कार भी बरामद कर ली है।

जानकारी के अनुसार नगर पंचायत पामगढ़ स्थित केसर लाल एंड संस ज्वेलरी के संचालक के पास शाम करीब 4 से 5 बजे के बीच सफेद रंग की बलेनो कार से दो युवक पहुंचे। उन्होंने 50 हजार रुपये की जरूरत बताते हुए सोने का मंगलसूत्र गिरवी रखने की बात कही। दुकान संचालक द्वारा खरीद की रसीद मांगने पर एक युवक ने खुद को अमित तिवारी बताते हुए कथित खरीद बिल प्रस्तुत किया। दस्तावेजों पर भरोसा करते हुए व्यवसायी ने मंगलसूत्र को असली सोना मानकर 40 हजार रुपये दे दिए।

रुपये लेकर दोनों युवक वहां से चले गए। कुछ देर बाद जब व्यवसायी ने मंगलसूत्र की जांच कराई तो पता चला कि वह सोने का नहीं, बल्कि बेनटेक्स (नकली) आभूषण है। इसके बाद पीड़ित ने तत्काल पामगढ़ थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन और एसडीओपी अकलतरा प्रदीप सोरी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। साइबर सेल की सहायता से आरोपियों की लोकेशन का पता लगाया गया और बलौदा बाजार में दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

Related Articles

Back to top button