featureछत्तीसगढ़

सीएम हेल्पलाइन बनी छात्रा के सपनों की संबल, आधार कार्ड में जन्म तिथि की त्रुटि दूर होने से उच्च शिक्षा का रास्ता हुआ आसान

सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत के बाद प्रशासन ने की त्वरित कार्यवाहीय छात्रा आराधना ने मुख्यमंत्री का जताया आभार

अम्बिकापुर,शासन की जनोन्मुखी पहल सीएम हेल्पलाइन आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण का भरोसेमंद माध्यम बन रहा है। सरगुजा जिले के ग्राम करिया की छात्रा आराधना सिंह की समस्या का समाधान इसका एक उदाहरण है। आधार कार्ड में जन्मतिथि की गंभीर त्रुटि के कारण जहां उनकी उच्च शिक्षा और भविष्य की संभावनाओं पर संकट के बादल मंडरा रहे थे, वहीं सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज होने के बाद प्रशासन की सक्रिय पहल, उचित मार्गदर्शन और समयबद्ध कार्यवाही से उनकी समस्या का समाधान हो गया। अब वे न केवल कॉलेज की पढ़ाई निर्बाध रूप से जारी रख सकेंगी, बल्कि प्रतियोगी परीक्षाओं में भी पूरे आत्मविश्वास के साथ शामिल हो सकेंगी।

जन्म तिथि में त्रुटि के कारण बाधित हो रही थी उच्च शिक्षा
आराधना सिंह ने बताया कि उन्होंने 12वीं कक्षा उत्तीर्ण करने के बाद कॉलेज में प्रवेश लेने की तैयारी की थी। प्रवेश प्रक्रिया के दौरान दस्तावेजों की जांच में उन्हें पता चला कि उनके आधार कार्ड में जन्मतिथि गलत दर्ज है। जन्मतिथि में लगभग तीन वर्ष का अंतर होने के कारण उनका आधार कार्ड आवश्यक दस्तावेजों से मेल नहीं खा रहा था। ऐसे में कॉलेज प्रवेश सहित आगे की शैक्षणिक प्रक्रिया प्रभावित होने की आशंका उत्पन्न हो गई।

उन्होंने बताया कि समस्या के समाधान के लिए उन्होंने कई स्तरों पर प्रयास किए। वे आधार सेंटर पहुंचीं, जहां आधार कार्ड में संशोधन कराने का प्रयास किया। इसके बाद डाकघर में भी संपर्क किया, लेकिन वहां उन्हें बताया गया कि जन्मतिथि में अधिक अंतर होने के कारण सामान्य प्रक्रिया के तहत सुधार संभव नहीं है। लगातार प्रयासों के बावजूद समाधान नहीं मिलने से वे मानसिक रूप से काफी परेशान हो गईं। उन्हें लगने लगा कि दस्तावेजों की त्रुटि के कारण उनकी आगे की पढ़ाई प्रभावित हो सकती है और भविष्य में प्रतियोगी परीक्षाओं में भी कठिनाई आएगी।

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन बनी उम्मीद की किरण
इसी दौरान उनके चाचा को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की जानकारी मिली। उन्होंने आराधना सिंह की समस्या को विस्तारपूर्वक सीएम हेल्पलाइन में दर्ज कराया। शिकायत दर्ज होने के कुछ समय बाद संबंधित अधिकारियों ने स्वयं आराधना सिंह से संपर्क किया और पूरी जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने उन्हें आवश्यक प्रक्रिया समझाई तथा आधार कार्ड में संशोधन के लिए आवश्यक दस्तावेज तैयार कर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन करने का मार्गदर्शन दिया।

प्रशासनिक मार्गदर्शन और त्वरित निराकरण
अधिकारियों के निर्देशानुसार आराधना सिंह पुनः आधार सेंटर पहुंचीं। वहां उन्हें बताया गया कि जन्मतिथि संशोधन के लिए शपथ पत्र (एफिडेविट), जन्म प्रमाण पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। उन्होंने सभी आवश्यक दस्तावेज तैयार कर निर्धारित प्रक्रिया पूरी की और आवेदन जमा किया। आवेदन पर शीघ्र कार्रवाई करते हुए लगभग एक सप्ताह के भीतर उनका संशोधित आधार कार्ड जारी कर दिया गया।

आधार कार्ड में जन्मतिथि सही होने के बाद आराधना सिंह ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि अब वे बिना किसी बाधा के अपनी उच्च शिक्षा पूरी कर सकेंगी। उन्होंने कहा कि पहले उन्हें यह चिंता थी कि दस्तावेजों की त्रुटि के कारण उनका भविष्य प्रभावित हो जाएगा, लेकिन सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से समय पर समाधान मिलने से उनकी बड़ी चिंता दूर हो गई। अब वे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी पूरे आत्मविश्वास के साथ कर सकेंगी।

आराधना सिंह ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन द्वारा संचालित सीएम हेल्पलाइन आम नागरिकों के लिए अत्यंत उपयोगी व्यवस्था है। उन्होंने कहा कि यदि यह सुविधा उन्हें नहीं मिलती, तो शायद उनकी समस्या का समाधान इतनी शीघ्रता से नहीं हो पाता। उन्होंने शासन एवं प्रशासन के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।

उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की कि यदि किसी को शासन से संबंधित किसी प्रकार की समस्या या कठिनाई का सामना करना पड़ रहा हो, तो वह निराश होने के बजाय सीएम हेल्पलाइन में अपनी शिकायत दर्ज कराए। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि शासन की यह व्यवस्था लोगों की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी निराकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

Related Articles

Back to top button