

छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी
*महंगाई से जूझ रही जनता के बीच लाखों दीयों में तेल जलाकर भाजपा सरकार उत्सव मना रही है?: कांग्रेस’’*
*मोदी के जन्मदिन को कांग्रेस ने बताया ‘महंगाई-बेरोजगारी दिवस*
रायपुर/17 सितंबर 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर छत्तीसगढ़ में बड़े पैमाने पर दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि मीडिया रिपोर्टों के अनुसार प्रदेश में करीब 40 लाख दीये जलाने की तैयारी है, जिसमें अकेले रायपुर में करीब 25 लाख दीयों का कार्यक्रम करने का दावा किया गया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने सवाल किया है कि जब देश और प्रदेश की जनता महंगाई की मार झेल रही है, तब प्रधानमंत्री के जन्मदिन के नाम पर लाखों दीयों में तेल जलाकर सरकारी तंत्र और संसाधनों का प्रदर्शन क्यों किया गया?
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि यह सवाल किसी के जन्मदिन मनाने का विरोध नहीं है। सवाल यह है कि क्या प्रधानमंत्री के राजनीतिक कार्यक्रम को सरकारी आयोजन का रूप देकर जनता के संसाधनों का इस्तेमाल किया गया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि सरकार बताए कि आयोजन पर कितना पैसा खर्च हुआ? 40 लाख दीयों की खरीद किसने की? दीयों में इस्तेमाल होने वाले तेल की व्यवस्था किसने की? बाती, परिवहन, सजावट, मंच, बिजली और अन्य व्यवस्थाओं पर कितना खर्च हुआ? इस पूरे आयोजन का कुल बजट कितना है? इसका भुगतान किस मद से किया जा रहा है?
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि यदि यह आयोजन पूरी तरह भाजपा का राजनीतिक कार्यक्रम था तो सरकारी मशीनरी को इसमें लगाने का अधिकार सरकार को किसने दिया? जनता को यह जानने का पूरा अधिकार है कि उसके टैक्स के पैसे से किसी राजनीतिक आयोजन को वित्तीय तथा प्रशासनिक सहयोग सरकार ने क्यों किया?
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि देश का आम परिवार रसोई का खर्च चलाने के लिए परेशान है। खाद्य तेल सहित रोजमर्रा की जरूरतों की कीमतें परिवारों के बजट पर असर डालती हैं। ऐसे समय में प्रधानमंत्री के जन्मदिन के नाम पर लाखों दीयों में तेल जलाने का आयोजन सरकार की प्राथमिकताओं पर सवाल खड़े करता है। “जिस तेल की कीमत आम आदमी अपनी रसोई में चुकाता है, उसी तेल को लाखों दीयों में जलाकर भाजपा सरकार ने जन्मोत्सव मनाया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने आरोप लगाया कि विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारियों- कर्मचारियों और पंचायत स्तर के अमले को इन आयोजनों में लगाया गया था। सरकारी कर्मचारी जनता की सेवा, राशन, पेंशन, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और विकास कार्यों के लिए हैं। उन्हें किसी राजनीतिक व्यक्ति के जन्मदिन के आयोजन में लगाना सरकारी संसाधन की बर्बादी है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि भाजपा प्रधानमंत्री के जन्मदिन को ‘सेवा संकल्प अभियान’ के रूप में मना रही है, जबकि कांग्रेस ने इसी दिन को ‘महंगाई-बेरोजगारी दिवस’ के रूप में बताते हुए प्रदेश के जिला मुख्यालयों में पत्रकार वार्ताएं आयोजित की हैं। कांग्रेस का कहना है कि देश की जनता को केवल दीये, नारे और प्रचार नहीं चाहिए। युवा रोजगार मांग रहा है। किसान अपनी उपज का उचित मूल्य मांग रहा है। महिलाएं महंगाई से राहत मांग रही हैं। मध्यम वर्ग अपने परिवार का बजट संभालने के लिए संघर्ष कर रहा है। भाजपा जनता के पैसे पर मोदी का जन्मदिन मना रही है।
सुशील आनंद शुक्ला
अध्यक्ष कांग्रेस संचार विभाग
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी