मध्य प्रदेश

22 जनवरी को मध्य भारत प्रांत में मनाई जाएगी दीपावली

भोपाल। अयोध्या में श्री राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर तैयारियां जोरों पर है, तो वहीं मध्य प्रदेश में भी इसकी धूमधाम से तैयारी की जा रही है। 22 जनवरी को एमपी भगवा रंग से रंगा होगा। प्रदेश में बड़े स्तर पर दीपावली उत्सव मनाया जाएगा। यह जानकारी विश्व हिंदू परिषद ने दी है।

शनिवार को मध्य भारत प्रांत मंत्री और अक्षत वितरण अभियान प्रांत के संयोजक (VHP) राजेश जैन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने बताया कि 22 जनवरी को मध्य भारत प्रांत भगवा रंग से रंगा होगा, दीपावली मनाई जाएगी। बड़े स्तर पर उत्सव मनाने के लिए विश्व हिंदू परिषद ने रूपरेखा तैयार की है। हर बाजार में लाइटिंग होगी, आतिशबाजी के साथ शहर और गांव रंगोली से सजेंगे। सभी कॉलेज, स्कूल और शिक्षण संस्थान समेत सार्वजनिक स्थान पर बड़ी स्क्रीन लगाकर कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि शहर समेत हर गांव में हर सनातनी के घर पर भगवा पताकाएं लगाई जाएगी। मध्य भारत प्रांत के करीब 11 हजार मंदिरों में आयोजन होंगे। प्रांत के सभी बड़े और प्रमुख मंदिरों में दो दिनों तक विशेष धार्मिक आयोजन होगा। सभी सनातनियों को एक करने का काम किया जाएगा। हर सनातनी के घर एक पत्र, एक चित्र और अक्षत पहुंचा जा रहा है।

राजेश जैन ने बताया कि विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता मध्य भारत प्रांत के 12000 गांव तक पहुंचे। VHP 35 लाख में से 15 लाख घरों तक पहुंचा। 15 जनवरी तक प्रांत के हर हिंदू घर तक पहुंचने का लक्ष्य रखा है। किसी भी सनातनी का एक भी घर और शहर का एक भी कोना ना छूटे, विश्व हिंदू परिषद ने यह संकल्प लिया है। मध्य भारत प्रांत के 111 संत 22 जनवरी को अयोध्या कार्यक्रम में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि कलयुग में भी कई आसुरी शक्तियां मौजूद है, 22 जनवरी को सनातन की एकता दिखाई देगी।

Related Articles

Back to top button