रूस ने अचानक यूक्रेन पर दागे मिसाइल, पूरे देश में एयर अलर्

यूक्रेन पर रूस ने एक बार फिर से हमले तेज कर दिए हैं। सोमवार को रूस ने ताबड़तोड़ मिसाइलें यूक्रेन के शहरी और औद्योगिक क्षेत्रों में गिराईं। इन हमलों में कई लोग बुरी तरह से घायल हुए हैं। यही नहीं यूक्रेन का कहना है कि रूस उस पर क्रूज मिसाइलें भी दाग सकता है। इसके अलावा कुछ इलाकों में बलिस्टिक मिसाइलों से भी अटैक हो सकते हैं। इसके चलते पूरे यूक्रेन एयर रेड अलर्ट जारी किया गया है यानी पूरे यूक्रेन को ही खतरे में बताया गया है। यूक्रेनी शहर रिव्यी रिह के मेयर ओलेक्सांद्र विलकुल ने कहा कि दुश्मन हमारे शांत शहरों पर बुरी तरह से हमले कर रहा है।
उन्होंने कहा कि इन हमलों में कितना नुकसान हुआ है, इसकी बाद में जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा भी यूक्रेन के कई शहरों में हमले हो रहे हैं। जापोरिझ्जिया शहर के काउंसिल अनाटोली कुर्तिएव ने कहा कि शहर में मिसाइल अटैक हुए हैं और इसके चलते कई लोग बुरी तरह से घायल हो गए। इसके अलावा खारकीव में भी एक महिला घायल हुई है। शबर के मेयर इहोर तेरेखोव ने कहा कि कई औद्योगिक प्रतिष्ठानों पर हमले हुए हैं और इसके चलते आग लग गई है। जापोरिझ्जिया शहर में 5 धमाके हुए हैं। रीजनल गवर्नर यूरिय मलाशको ने कहा कि इन हमलों में दो लोग घायल हो गए हैं।
यूक्रेन बोला- हमारे शांत शहरों में भी गरज रही हैं मिसाइलें
यही नहीं रूस पर उन्होंने आरोप लगाया कि हमारे रिहायशी इलाकों को भी निशाना बनाया जा रहा है। यूक्रेन के सैन्य अधिकारियों ने कहा कि निप्रो जैसे कुछ और शहरों में भी मिसाइल अटैक हुए हैं। रूस के ये हमले दोनों देशों के बीच जारी जंग के करीब दो साल बाद हुए हैं। दोनों के बीच फरवरी 2022 में जंग शुरू हुई थी, जो अब तक जारी है। गौरतलब है कि यूक्रेन और रूस के बीच जारी जंग के दौरान ही अब दुनिया में एक और मोर्चा खुल गया है।
रूस और यूक्रेन की जंग के बीच एक और युद्ध है जारी
बीते साल 7 अक्टूबर को हमास ने इजरायल पर हमला कर दिया था। इसमें करीब 1200 लोगों की मौत हो गई थी। उससे भड़के इजरायल ने भी गाजा पर ताबड़तोड़ हमले किए हैं, जो अब तक जारी हैं। इन हमलों में गाजा में 22 हजार से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं।