अग्रसेन महाविद्यालय में “उमंग-2024” के तहत हुआ इंटर-स्कूल डांस — स्कूली बच्चों ने लोकप्रिय धुनों पर नृत्य से बाँधा समां
दिनांक- 29 जनवरी 2024





रचनात्मक गतिविधियों से बनी अग्रसेन महाविद्यालय की पहचान- उच्च शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल
एकल में अर्चना साहू व समूह नृत्य में आध्या एंड ग्रुप को चुना गया विजेता, सेंट थॉमस स्कूल ने जीता सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन का ख़िताब 
रायपुर. अग्रसेन महाविद्यालय पुरानी बस्ती में “उमंग-2024” के तहत आज इंटर-स्कूल डांस कम्पीटिशन में विभिन्न शालाओं के प्रतिभागियों ने फ़िल्मी और पारंपरिक लोक नृत्यों के साथ-साथ आधुनिक नृत्यों पर रंगारंग प्रस्तुति दी. खूबसूरत पोशाकों में सजे इन प्रतिभागियों ने समूह नृत्य के जरिये अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए दर्शकों की भरपूर वाहवाही लूटी. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा, पर्यटन, संस्कृति एवं धार्मिक न्यास मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि अग्रसेन महाविद्यालय में नियमित रूप से होने वाले रचनात्मक आयोजनों के कारण ही इस संस्थान की शिक्षा जगत में विशेष पहचान बनी हुई है.
प्रतियोगिता में सुपरिचित नृत्य प्रशिक्षक नेहा भट्ट पटनायक एवं समृद्धि अग्रवाल निर्णायक के रूप में आमंत्रित थे. इन दोनों निर्णायकों ने नृत्य की प्रस्तुति, ताल और संयोजन के आधार पर सर्वश्रेष्ठ प्रतियोगियों का चयन किया. श्रेष्ठ प्रदर्शन के आधार पर एकल वर्ग में अर्चना साहू (इन्डियन पब्लिक स्कूल) को विजेता और (ट्विंकल परमार (मदर्स प्राइड स्कूल) को उपविजेता चुना गया. वहीँ समूह नृत्य में आध्या एंड ग्रुप (सेंट थॉमस स्कूल) को विजेता होने का गौरव मिला और बबली एंड ग्रुप (जे.के. दानी स्कूल) को उपविजेता चुना गया. आज के आयोजन में श्रेष्ठ प्रदर्शन का ओवर-आल खिताब सेंट थॉमस स्कूल स्कूल को दिया गया.
इस मौके पर स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा, पर्यटन, संस्कृति एवं धार्मिक न्यास मंत्री बृजमोहन अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे. उन्होंने अग्रसेन महाविद्यालय के प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा कि अग्रसेन शिक्षण समिति ने अपने सीमित साधनों से इक्कीस वर्षों पहले यह महाविद्यालय शुरू किया था. लेकिन यहाँ विद्यार्थियों के प्रोत्साहन के लिए हर तरह के प्रयास किये जाते हैं, जो कि सराहनीय है. उन्होंने कहा कि यहाँ प्रारंभ से ही युवाओं और किशोरों की प्रतिभा को निखारने के लिए विविध सांस्कृतिक और रचनात्मक आयोजन किये जाते रहे हैं, श्री अग्रवाल ने प्रतिभागियों के परिश्रम और श्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए उनकी मुक्त कंठ से प्रशंसा की. एन.आई.टी. रायपुर के पूर्व निदेशक तथा प्रदेश के प्रसिद्द शिक्षाविद डॉ के.के सुगंधी विशिष्ट अतिथि थे. कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ी अग्रवाल समाज की केन्द्रीय समिति के अध्यक्ष एवं अग्रसेन शिक्षण समिति के तकनीकी सलाहकार अनुराग अग्रवाल, छत्तीसगढ़ी अग्रवाल समाज की केन्द्रीय समिति के पूर्व अध्यक्ष एवं महाराजाधिराज अग्रसेन शिक्षण समिति के कोषाध्यक्ष अजय दानी, शिक्षाविद डॉ जे.पी. अग्रवाल विशेष अतिथि रहे. इन सभी ने स्कूली बच्चों के प्रदर्शन की मुक्त-कंठ से सराहना की. कार्यक्रम के समापन पर एकल और समूह वर्ग में विजेता एवं उपविजेता प्रतिभागियों को ट्राफी एवं प्रमाण पत्र वितरित कियेगए. आज के विजेताओं को उनकी सफलता के लिए महाराजाधिराज अग्रसेन शिक्षण समिति के अध्यक्ष एवं महाविद्यालय के डायरेक्टर डॉ वी के अग्रवाल, महाराजाधिराज अग्रसेन शिक्षण समिति के सचिव तथा एडमिनिस्ट्रेटर प्रो. अमित अग्रवाल एवं प्राचार्य डॉ युलेन्द्र कुमार राजपूत ने बधाई देते हुए उनकी प्रस्तुति को शानदार बताया. सभी अतिथियों ने कहा कि अकादमिक गतिविधियों के साथ-साथ सांस्कृतिक तथा रचनात्मक कार्यक्रमों में सहभागिता बढाने में ऐसे आयोजन प्रेरक की भूमिका निभाते हैं. आज के कार्यक्रम के संचालन में डॉ डॉली पाण्डेय, प्रो. विकास शर्मा ने अपनी भूमिका निभाई. वहीँ अन्य प्राध्यापकों ने कार्यक्रम के संयोजन और समन्वय में अपना योगदान दिया. वार्षिक-उत्सव उमंग-2024” के तहत महाविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत मुख्य सांस्कृतिक कार्यक्रम 31 जनवरी को होगा.

