व्यापार

मोदी शुक्रवार को सातवें भारतीय मोबाइल कांग्रेस में जारी करेंगे 100 ‘5 जी ऐप लैब

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को राजधानी में दूरसंचार उद्योग के प्रमुख सम्मेलन भारतीय मोबाइल कांग्रेस (आईएमसी 2023) के सातवें संस्करण का उद्घाटन करेंगे और इस अवसर पर वह देश भर के शैक्षणिक संस्थानों को 100 ‘5जी यूज़ केस लैब्स’ का उपहार देंगे।
आईएमसी 2023 तीन दिन चलेगा। दूरसंचार विभाग और सेल्यूलर सेवा कंपनियों के मंच सीओएआई के सहयोग से इसका आयोजन प्रगति मैदान में भारत मंडपम में किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने गुरुवार को जारी एक विज्ञप्ति में यह जानकारी देते हुए कहा कि ‘100 5जी लैब पहल’ का उद्देश्य सामाजिक आर्थिक क्षेत्रों में नवाचार को बढ़ावा देने के लिए 5जी अनुप्रयोगों को विकसित करना है। ‘100 5G लैब्स पहल’ के तहत विकसित ये 5जी ऐप विकास प्रयोगशालाएं देश में 6जी-तैयार पारिस्थितिकी तंत्र के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखी जा रही हैं।
बयान में कहा गया है , ‘100 5जी लैब पहल’, 5जी अनुप्रयोगों के विकास को प्रोत्साहित करके 5जी तकनीक से जुड़े अवसरों को साकार करने का एक प्रयास है जो भारत की अनूठी जरूरतों के साथ-साथ वैश्विक मांगों को भी पूरा करता है।
बयान के अनुसार यह अनूठी पहल शिक्षा, कृषि, स्वास्थ्य, बिजली, परिवहन आदि जैसे विभिन्न सामाजिक-आर्थिक क्षेत्रों में नवाचार को बढ़ावा देगी और देश को 5जी तकनीक के उपयोग में आगे ले जाएगी। यह पहल देश में 6जी-तैयार शैक्षणिक और स्टार्ट-अप पारिस्थितिकी तंत्र के निर्माण के लिए भी एक महत्वपूर्ण कदम है। यह पहल स्वदेशी दूरसंचार प्रौद्योगिकी के विकास की दिशा में एक कदम है जो राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण है।

Related Articles

Back to top button