
रायपुर/दुर्ग। घर में एसी मरम्मत कराने के दौरान बाहरी व्यक्ति पर भरोसा करना एक परिवार को भारी पड़ गया। एसी ठीक करने के बहाने घर में आए मैकेनिक ने मौका मिलते ही बेडरूम में रखे सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। हालांकि पीड़ित परिवार की शिकायत और सुपेला पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 1.50 लाख रुपये मूल्य के चोरी गए आभूषण भी बरामद कर लिए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार यह मामला थाना सुपेला क्षेत्र का है। 31 जुलाई 2026 को प्रार्थी मनोज अग्रवाल ने थाना सुपेला में शिकायत दर्ज कराई कि उनके घर में मरम्मत का कार्य चल रहा था। 25 जुलाई को उनकी पत्नी मंजु अग्रवाल ने देखा कि बेडरूम में रखे एक छोटे पैकेट में रखे सोने और चांदी के आभूषण गायब हैं। परिवार के सभी सदस्यों ने पूरे घर में आभूषणों की तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। शिकायत में यह भी बताया गया कि 21 जुलाई 2026 को एसी मरम्मत के लिए आशुतोष साव नामक मैकेनिक दो दिनों तक उनके घर आया था। मरम्मत कार्य के दौरान उसे घर के अलग-अलग कमरों में आने-जाने का अवसर मिला था। जब आभूषण गायब होने का पता चला तो परिवार ने उससे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन वह लगातार बहाने बनाकर मिलने से बचता रहा। उसके इस व्यवहार से परिवार का संदेह और गहरा गया।
शिकायत मिलने के बाद थाना सुपेला पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अपराध क्रमांक 1089/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 331(4) एवं 305(1) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। पुलिस ने संदेह के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की और उसके निवास आईएसएचडीपी आवास, जवाहर नगर पहुंचकर पूछताछ की। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी पहले इधर-उधर की बातें करता रहा, लेकिन पुलिस द्वारा तथ्यों और परिस्थितियों के आधार पर सख्ती से पूछताछ किए जाने पर उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि एसी मरम्मत के दौरान उसने बेडरूम में रखे आभूषणों का पैकेट देख लिया था। मौका मिलते ही उसने पैकेट चोरी कर अपने कब्जे में रख लिया और बाद में उसे छिपा दिया। आरोपी के निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किए गए पूरे आभूषण बरामद कर लिए।
बरामद सामान में दो सोने की अंगूठियां, जिनमें पुखराज और मूंगा जड़े हुए हैं, तीन चांदी की अंगूठियां, जिनमें मोती, जामुनिया और गोमेद जड़े हैं तथा हीरे के नग जड़ी एक जोड़ी सोने की छोटी बालियां शामिल हैं। इन सभी आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 1.50 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने बरामद आभूषणों को विधिवत जब्त कर आरोपी आशुतोष साव (29 वर्ष) निवासी आईएसएचडीपी आवास, जवाहर नगर, थाना वैशाली नगर, जिला दुर्ग को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक एस.एन. सिंह, आरक्षक सुरेंद्र पटेल और गंभीर जाट की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच पूरी कर आगे की




