

“सेवा संकल्प अभियान” के तहत रायपुर ग्रामीण पुलिस की जनसहभागिता से अपराध रोकथाम की पहल ग्रामीणों ने स्वेच्छा से 15 चाकू, तलवार धरसीवा पुलिस को सौंपा
जिला रायपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा एवं विधानसभा एसडीओपी श्री वीरेंद्र चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में थाना धरसीवा, पुलिस द्वारा “सेवा संकल्प अभियान” के माध्यम से अपराधों की रोकथाम, जनजागरूकता एवं जनसहभागिता को बढ़ावा दिया जा रहा है। अभियान के तहत पुलिस द्वारा गांव-गांव में सरपंचों, जनप्रतिनिधियों, युवाओं एवं ग्रामीणों से संवाद कर अनावश्यक रूप से हथियार अथवा आपत्तिजनक सामान रखने से होने वाले संभावित नुकसान के संबंध में समझाइश दी जा रही है।
इस जनजागरूकता का सकारात्मक असर सामने आया है। सरपंचों एवं जनप्रतिनिधियों की पहल तथा ग्रामीणों के सहयोग से अभियान के दौरान 15 चाकू, तलवार, छुरी पुलिस के समक्ष स्वेच्छा से जमा कराए गए हैं।

पुलिस द्वारा ग्रामीणों को समझाइश दी जा रही है कि मामूली विवाद, कहासुनी अथवा अचानक उत्पन्न आक्रोश के दौरान आसपास उपलब्ध हथियार अथवा आपत्तिजनक सामान घटना को गंभीर रूप दे सकता है। इसी उद्देश्य से “सेवा संकल्प अभियान” के माध्यम से अपराध घटित होने के बाद कार्रवाई के साथ-साथ अपराध की संभावित परिस्थितियों को घटना बनने से पहले ही रोकने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
थाना धरसीवां पुलिस द्वारा बच्चों एवं युवाओं को हथियारों से दूर रखने, पालकों को उनकी गतिविधियों पर ध्यान देने तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने के लिए भी ग्रामीणों को जागरूक किया जा रहा है। पुलिस और जनता के समन्वय से सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं अपराधमुक्त वातावरण तैयार करने की दिशा में अभियान निरंतर जारी रहेगा।